टाटा स्टील में रोजगार का सुनहरा अवसर, 7 नवंबर को चंबा में होगा कैंपस इंटरव्यू

चंबा, 01 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने जानकारी दी है कि जिला रोजगार कार्यालय बालू, चंबा में 7 नवंबर को कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर टेरियर सिक्योरिटी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, बद्दी (बरोटिवाला) द्वारा टाटा स्टील कम्पनी, कोहारा (लुधियाना) के लिए विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।इस भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 58 पद भरे जाएंगे, जिनमें सिक्योरिटी गार्ड और कंप्यूटर ऑपरेटर के पद शामिल हैं। सिक्योरिटी गार्ड के पद के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास तथा ऊँचाई 170 सेंटीमीटर अनिवार्य रखी गई है, जबकि कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए स्नातक के साथ कंप्यूटर डिप्लोमा आवश्यक है। दोनों पदों के लिए आयु सीमा 20 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है और केवल पुरुष अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकते हैं।श्री चौहान ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति टाटा स्टील, कोहारा, लुधियाना (पंजाब) में की जाएगी। सिक्योरिटी गार्ड को प्रतिमाह कंपनी द्वारा वहन की जाने वाली कुल लागत (CTC) ₹18,236 होगी, जिसमें से अभ्यर्थियों को नेट इन हैंड ₹14,300 प्रतिमाह वेतन मिलेगा। वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर को ₹22,100 सीटीसी के साथ लगभग ₹17,100 रुपये मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा।उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा बायोडाटा सहित निर्धारित तिथि 7 नवंबर को सुबह 11 बजे जिला रोजगार कार्यालय बालू, चंबा में उपस्थित हों।अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय चंबा के दूरभाष नंबर 01899-222209 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने सभी योग्य युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।