विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राज्य स्तरीय वन खेल एवं ड्यूटी मीट का किया शुभारंभ

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राज्य स्तरीय वन खेल एवं ड्यूटी मीट का किया शुभारंभ

वन विभाग के 800 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी ले रहे हैं हिस्सा

चंबा, 02 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज चंबा के ऐतिहासिक चौगान में 26वीं राज्य स्तरीय वन खेल एवं ड्यूटी मीट-2025 का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता ध्वज फहराया और प्रतिभागियों के भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस प्रतियोगिता में वन विभाग के 11 वन वृत्तों, वन मुख्यालय शिमला तथा वन्य प्राणी प्रभाग के 800 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।

अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वन विभाग द्वारा वन संपदा के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कर्मियों की शारीरिक और मानसिक क्षमता को मजबूत बनाने के साथ-साथ आपसी सद्भाव और टीम भावना को भी बढ़ाते हैं।कुलदीप सिंह पठानिया ने जलवायु परिवर्तन को मानवता के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि इसके समाधान के लिए अब ठोस और व्यवहारिक कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने प्रदेश के निराश्रित 6000 से अधिक बच्चों के अभिभावक बनने के राज्य सरकार के निर्णय को मानवीय दृष्टिकोण का प्रतीक बताया।उन्होंने आकांक्षी जिला चंबा के सर्वांगीण विकास के लिए राजनीतिक विचारधारा से परे एक विशेष कार्य नीति की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही कहा कि जल विद्युत परियोजनाओं से केंद्र सरकार को राजस्व तो प्राप्त होता है, लेकिन राज्य को उसका समुचित लाभ नहीं मिल रहा है।इस अवसर पर उन्होंने खेल एवं ड्यूटी मीट स्मारिका तथा नूरपुर वन मंडल की जैव विविधता पुस्तिका का विमोचन किया।कार्यक्रम में विधायक नीरज नैय्यर, प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजय सूद, अरण्यपाल राकेश कुमार, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय लोक सांस्कृतिक दलों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रम ने आयोजन को जीवंत बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!