चुराह के विधायक हंसराज एक बार फिर विवादों के घेरे में महिला ने लगाए गंभीर आरोप, विधायक बोले मैं पाक साफ

चम्बा 03 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हंसराज एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। एक महिला ने विधायक पर अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। बता दे यह वही महिला है जो बीते कुछ समय पहले विधायक डॉक्टर हंसराज पर महिला पुलिस थाना चंबा में मामला दर्ज करवा चुकी है अब एक बार फिर से इसी महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड कर कहा है कि उसे और उसके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं तथा उनकी जान को गंभीर खतरा है।महिला ने आरोप लगाया है कि उसने इससे पहले भी विधायक हंसराज पर शारीरिक उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, लेकिन दबाव और समझौते के चलते वह अपने बयान से पीछे हट गई थी। अब उसने पुनः सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात रखते हुए कहा है कि उसकी सुरक्षा खतरे में है और पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है। महिला का आरोप है कि विधायक से जुड़े कुछ लोग उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और लगातार उसे डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं।महिला का दावा है कि बीते कुछ दिनों से उसके और उसके परिवार के इर्द-गिर्द संदिग्ध लोग घूमते देखे गए हैं। उसने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि उसे सुरक्षा मुहैया कराई जाए और मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। इस नए वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक माहौल में फिर हलचल मच गई है और सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है।वहीं, विधायक हंसराज ने सभी आरोपों को राजनीतिक साजिश करार देते हुए सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह महिला पहले भी ऐसे ही आरोप लगा चुकी है, जिनकी जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की गई थी और उन्हें निर्दोष पाया गया था। उन्होंने कहा, “मेरी बढ़ती राजनीतिक लोकप्रियता से घबराकर विरोधी दल इस तरह के हथकंडे अपना रहे हैं ताकि मेरी छवि खराब की जा सके।”हंसराज ने यह भी कहा कि शिकायत करने वाली महिला को चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए ताकि यह पता चल सके कि वह मानसिक रूप से स्वस्थ है या नहीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह इस मामले में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे। गौर हो कि कांग्रेस पार्टी भी इस सारे मामले को लेकर पूरी तरह से चुपी साधे हुए हैं। क्योंकि पूर्व में इसी मामले को लेकर चुराह कांग्रेस पार्टी नेता यशवंत खन्ना के नेतृत्व में लामबंद हुई थी किंतु इसी महिला द्वारा मेरा “निजी मामला” कह दूर रहने की नसीहत दी थी। पुलिस ने इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। हालांकि, महिला की सुरक्षा को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इस बीच, महिला ने एक और वीडियो जारी कर फिर से विधायक पर आरोप लगाए हैं। अब देखना यह होगा कि विधायक इस नए वीडियो पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।