हिमाचल की बेटी रेणुका सिंह को 1 करोड़ का पुरस्कार देगी राज्य सरकार, सीएम सुक्खू का ऐलान

हिमाचल की बेटी रेणुका सिंह को 1 करोड़ का पुरस्कार देगी राज्य सरकार, सीएम सुक्खू का ऐलान

शिमला 03 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद हिमाचल प्रदेश की बेटी और तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर ने पूरे देश सहित अपने प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार रेणुका सिंह को एक करोड़ रुपये का पुरस्कार देगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि रोहड़ू की बेटी रेणुका ठाकुर ने वह सपना पूरा कर दिखाया है, जो हर पहाड़ की बेटी देखती है। संघर्षों और मेहनत के बल पर विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा बनना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे देश और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि रेणुका ने यह साबित किया है कि जुनून, आत्मविश्वास और लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।

सीएम सुक्खू ने रेणुका सिंह, उनकी मां और पूरे परिवार को इस अद्वितीय उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि रेणुका के स्वर्गीय पिता को नमन है, जिनकी प्रेरणा आज पूरे हिमाचल के लिए एक मिसाल बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने रेणुका सिंह से फोन पर बातचीत कर उन्हें और पूरी भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व कप जीत की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेश की बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है और रेणुका सिंह जैसी बेटियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर काम कर रही है ताकि हिमाचल की युवा पीढ़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहरा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!