चंबा में संपन्न हुई सामुदायिक सलाहकार बोर्ड (CAB) की बैठक, उच्च जोखिम समूहों के लिए 50% सर्वे कार्य पूरा

चंबा, 03 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चंबा में आज सामुदायिक सलाहकार बोर्ड (CAB) की कार्य-क्रमिक मानचित्रण और जनसंख्या आकार अनुमान (PMPSE) से संबंधित दूसरी बैठक मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन ने की।बैठक के दौरान डॉ. कविता महाजन ने बताया कि यह परियोजना जिले में उच्च जोखिम समूहों — ट्रांसजेंडर, MSM (Men having Sex with Men) और IDU (Injecting Drug Users) — के लिए कार्यरत OCEAN NGO के माध्यम से संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक जिले में इन समूहों से संबंधित जनसंख्या का लगभग 50 प्रतिशत सर्वेक्षण कार्य पूरा किया जा चुका है। इस पहल का उद्देश्य इन समुदायों की वास्तविक स्थिति का आंकलन कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता उपलब्ध करवाना है।

इस अवसर पर उपस्थित जिला एड्स परियोजना अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने कहा कि OCEAN NGO समुदाय से सीधे जुड़कर HIV और AIDS से संबंधित सेवाएं प्रदान कर रही है तथा उन्हें सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में एचआईवी संक्रमण को रोकने और जोखिमग्रस्त समूहों को सहयोग प्रदान करने की दिशा में एक मजबूत कदम हैं।बैठक में प्रोग्राम मैनेजर श्रीमती अनु, OCEAN NGO के काउंसलर, पीयर एजुकेटर और अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में परियोजना की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई और आगामी चरणों के लिए दिशा-निर्देश भी निर्धारित किए गए।