अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने की जनजातीय कल्याण योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने की जनजातीय कल्याण योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

चंबा, 3 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में सोमवार को बचत भवन चंबा में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित लोगों के संवैधानिक सुरक्षा उपायों, कल्याण एवं विकास योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई।डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि जनजातीय वर्ग से जुड़े लोगों को सभी विभागीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से मिलना चाहिए, ताकि उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लक्ष्य पूरे हो सकें।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपमंडल स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विशेष रूप से गुज्जर समुदाय में सिकल सेल एनीमिया की जांच कराने के भी निर्देश दिए।मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांग व्यक्तियों को दिए गए रोजगार से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग को उपलब्ध करवाई जाए। डॉ. लकड़ा ने जनजातीय उपमंडल पांगी के लिए प्रस्तावित राष्ट्रीय उच्च मार्ग हटली–सिहुंता–चंबा–तीसा–पांगी से संबंधित कार्यालय नोट की प्रति उपलब्ध करवाने को कहा।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को विभिन्न बस ठहराव स्थलों पर बायोडाइजेस्टर शौचालयों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने और पशुपालन विभाग को भेड़-बकरी पालकों के लिए स्थानीय प्रजातियों के संवर्धन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही जल संग्रहण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी बल दिया।डॉ. लकड़ा ने बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, कृषि-बागवानी, वन अधिकार अधिनियम तथा कौशल विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस अवसर पर उपयुक्त मुकेश रेपसवाल ने आश्वासन दिया कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, जिला दंडाधिकारी भरमौर कुलबीर सिंह राणा, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर, जिला विकास अधिकारी तेवेंद्र चनोरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।इससे पूर्व डॉ. आशा लकड़ा ने अनुसूचित जनजातीय संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर भरमौर, पांगी व गुज्जर समुदायों से संबंधित समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!