हिम आंचल पेंशनर्स संघ बनीखेत की बैठक 5 नवंबर को लंबित मांगों पर बनेगी रणनीति

डलहौजी/चम्बा, 3 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिम आंचल पेंशनर्स संघ, बनीखेत ब्लॉक की मासिक बैठक बुधवार, 5 नवंबर को प्रातः 11 बजे हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, बनीखेत में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में संघ के सभी सदस्यों से अपेक्षा की गई है कि वे पूर्ण रूप से भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं ताकि पेंशनर्स से संबंधित लंबित मुद्दों पर ठोस रणनीति तैयार की जा सके।संघ के अध्यक्ष श्री एम.एल. अरोड़ा की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस बैठक में मुख्य रूप से उन विभिन्न मांगों पर चर्चा की जाएगी, जो लंबे समय से हिमाचल प्रदेश सरकार के पास लंबित हैं।

इनमें पेंशन पुनरीक्षण, महंगाई भत्ता, चिकित्सा भत्ता, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली से जुड़े बिंदु और अन्य पेंशनर्स कल्याण से संबंधित विषय शामिल हैं।संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि बैठक में इन मुद्दों के समाधान के लिए सरकार के समक्ष प्रभावी रणनीति तैयार करने पर विस्तार से विचार किया जाएगा। साथ ही, यह भी निर्णय लिया जाएगा कि इन मांगों को लेकर जिला और राज्य इकाई को किस प्रकार समयबद्ध रूप से अवगत कराया जाए, ताकि वे उचित स्तर पर सरकार से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई कर सकें।