एनएचपीसी दिवस के स्वर्ण जयंती उपलक्ष पर बनीखेत में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़

डलहौजी/ चम्बा 03 नवंबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
एनएचपीसी दिवस के 50वें वर्षगांठ उपलक्ष पर आज एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय बनीखेत एवं बनीखेत युथ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यपालक ओम प्रकाश ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया।इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेलों के प्रति युवाओं में उत्साह बढ़ाना एवं आपसी सौहार्द को मजबूत करना है। टूर्नामेंट में क्षेत्र की पांच टीमें भाग ले रही हैं — एचपीपीसीएल सुरगानी, एनएचपीसी बनीखेत, एडवोकेट इलेवन डलहौजी, यूथ क्लब बनीखेत तथा आरसीसी डलहौजी।

सभी टीमों के खिलाड़ियों में जीत के प्रति जोश और उमंग देखने को मिला।पहले दिन खेले गए दो रोमांचक मुकाबलों में एचपीपीसीएल सुरगानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरसीसी डलहौजी को हराकर जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मैच में एनएचपीसी बनीखेत ने उम्दा खेल दिखाते हुए यूथ क्लब बनीखेत को मात दी। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि टूर्नामेंट के तहत कल एडवोकेट इलेवन डलहौजी और एचपीपीसीएल सुरगानी के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को जीतने वाली टीम फाइनल में प्रवेश करेगी।

मुख्य अतिथि ओम प्रकाश ने इस अवसर पर कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि टीम भावना और अनुशासन भी सिखाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और खेल को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना से खेलने का आह्वान किया।