पुखरी (बनीखेत) में अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का शुभारंभ, स्थानीय लोगों को मिलेगी सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं

पुखरी (बनीखेत) में अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का शुभारंभ, स्थानीय लोगों को मिलेगी सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं

डलहौजी /चंबा, 04 नवंबर मुकेश कुमार गोल्डी

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत नगर पंचायत बनीखेत में अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र पंचायत घर पुखरी में स्थापित किया गया है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने बताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र का उद्देश्य जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना और समुदाय को उनके नजदीक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर के शुरू होने से स्थानीय निवासियों को अब अपने घर के पास ही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। इस केंद्र में एक एमबीबीएस चिकित्सक, फार्मासिस्ट, एएनएम, स्टाफ नर्स और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद स्वीकृत किए गए हैं, जिन्हें एनएचएम के माध्यम से आउटसोर्स के आधार पर भरा जा रहा है। जब तक स्टाफ पूर्ण रूप से उपलब्ध नहीं हो जाता, तब तक निकटवर्ती स्वास्थ्य संस्थानों से प्रतिनिधि स्टाफ की तैनाती कर सेवाएं प्रदान की जाएंगी।डॉ. ठाकुर ने बताया कि संस्थान में सभी आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करा दी गई हैं और यह केंद्र प्रातः 9:30 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक खुला रहेगा। उन्होंने अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर के लिए किराया मुक्त भवन उपलब्ध कराने हेतु स्थानीय जिला परिषद सदस्य, ग्राम पंचायत प्रधान और नगर पंचायत प्रशासन का आभार व्यक्त किया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर शहरी क्षेत्रों में न केवल उपचार सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य शिक्षा के माध्यम से रोगों की रोकथाम में भी अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!