पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय, बनीखेत में किशोरावस्था, स्वच्छता और तनाव प्रबंधन पर संवादात्मक कार्यशाला आयोजित

डलहौजी /चम्बा 04 नवंबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय, बनीखेत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा तनाव प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय संवादात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला की मुख्य संसाधक श्रीमती सुमन शर्मा, विभागाध्यक्ष (मनोविज्ञान एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन विभाग), ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन, मुंबई रहीं, जो स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की प्राचार्य द्वारा स्वागत संबोधन से हुआ। प्रथम सत्र में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व पर जानकारी दी गई। सुमन शर्मा ने तनाव के कारणों, प्रतिस्पर्धा से उत्पन्न दबाव और नकारात्मक सोच से बचने के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने नियमित व्यायाम, ध्यान, संतुलित आहार तथा सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।
दूसरे सत्र में कक्षा 8 से 12 की छात्राओं के लिए किशोरावस्था और व्यक्तिगत स्वच्छता विषय पर संवाद हुआ। इस अवसर पर श्रीमती शर्मा ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक व भावनात्मक परिवर्तनों के प्रति जागरूक रहने, स्वच्छता की आदतें अपनाने और आत्म-सम्मान बनाए रखने पर बल दिया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार साझा किए।
तीसरा सत्र शिक्षकों के लिए रखा गया, जिसमें जीवन-संतुलन और तनाव प्रबंधन पर चर्चा हुई। सुमन शर्मा ने शिक्षकों को कार्य के दौरान मानसिक दबाव को नियंत्रित रखने और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के उपयोगी सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता हैं, इसलिए उनका मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यशाला का समापन आभार प्रकट करते हुए विद्यालय की प्राचार्य ने किया।