काँगड़ा ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालु ने मां के चरणों में अर्पित की करोड़ों की स्वर्ण परमजोत

कांगड़ा 6 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में बुधवार को एक अद्भुत और श्रद्धा से भरा दृश्य देखने को मिला, जब चंडीगढ़ (पंजाब) से आए एक श्रद्धालु ने मां ज्वालामुखी के चरणों में लगभग एक किलो सोने की स्वर्ण जोत अर्पित की। इस स्वर्ण जोत का अनुमानित मूल्य करोड़ों रुपये बताया जा रहा है। श्रद्धालु अपने परिवार सहित मां के दरबार में पहुंचे और मां की कृपा से प्रेरित होकर अपनी श्रद्धा का यह अनमोल प्रतीक मां के चरणों में अर्पित किया।श्रद्धालु ने बताया कि माता ज्वालामुखी की असीम कृपा से उनका व्यापार दिन-प्रतिदिन प्रगति कर रहा है। इसी आशीर्वाद के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्होंने अपनी नेक कमाई का एक हिस्सा मां के चरणों में समर्पित किया है। अब इस स्वर्ण आरती से प्रतिदिन पांच बार मां ज्वालामुखी की आरती की जाएगी।

मंदिर अधिकारी तहसीलदार मनोहर लाल शर्मा, मंदिर न्यास सदस्य जितेश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस दानी श्रद्धालु और उनके परिवार का विशेष रूप से स्वागत किया। उन्हें मां ज्वालामुखी की चुनरी, पवित्र तस्वीर और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।जानकारी के अनुसार, यह श्रद्धालु पुजारी अनिल शर्मा के जजमान हैं और उनके मार्गदर्शन में पूर्व में भी मां ज्वालामुखी के प्रति इसी प्रकार की सेवाएं कर चुके हैं। इस अनोखी आस्था और भक्ति के कार्य से मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में भी गहरा उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इसे माता की असीम कृपा का प्रतीक बताया और मां के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।