उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने राज्य स्तरीय कला एवं रंगोत्सव का किया शुभारंभ

चंबा, 06 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज ऐतिहासिक चौगान मैदान में समग्र शिक्षा के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय कला एवं रंगोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का बहुआयामी गतिविधियों में हिस्सा लेना उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों से लगभग 400 विद्यार्थी हिस्सा ले रहे हैं। कला उत्सव में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं 12 विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि रंगोत्सव में कक्षा 3वीं से 8वीं तक के विद्यार्थी छह प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं।

अपने संबोधन में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सार्वजनिक बोलने की क्षमता तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति का विकास होता है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को केवल अकादमिक शिक्षा तक सीमित न रखें बल्कि उन्हें उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लोक-कला एवं संस्कृति अद्वितीय है और इसके संरक्षण के लिए विद्यार्थी वर्ग की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

इस तरह के उत्सव न केवल प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि परंपरागत लोक संस्कृति के संवर्धन में भी सहायक सिद्ध होते हैं।इस अवसर पर उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा भाग सिंह ने स्वागत संबोधन दिया, जबकि राज्य समन्वयक रेखा गुलेरिया ने कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम में उपनिदेशक विकास महाजन, जिला समन्वयक डॉ. राशि जंदरोटिया, ओएसडी शिक्षा उमाकांत आनंद सहित सभी जिलों के शिक्षा अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
