कांगड़ा वैली कार्निवल का भव्य आगाज 21 दिसंबर से धर्मशाला में :- डीसी हेमराज बैरवा

कांगड़ा वैली कार्निवल का भव्य आगाज 21 दिसंबर से धर्मशाला में :- डीसी हेमराज बैरवा

कांगड़ा/धर्मशाला, 10 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धर्मशाला में 21 दिसंबर से कांगड़ा वैली कार्निवल का भव्य शुभारंभ होगा। यह आयोजन 25 दिसंबर तक धर्मशाला के पुलिस मैदान में आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने जानकारी दी कि कार्निवल में ड्रोन शो, फैशन शो, मैराथन, विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक संध्याएं प्रमुख आकर्षण रहेंगी।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के कलाकार लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। धर्मशाला शहर के प्रमुख चौक और स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा, ताकि यह आयोजन पर्यटन के दृष्टिकोण से यादगार बन सके। आयोजन की तैयारियों के लिए प्रशासन ने समितियां गठित कर दी हैं और एडीसी विनय कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, और इसी दिशा में यह कार्निवल एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार इस आयोजन को बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों और हिमाचली लोक संस्कृति को विशेष महत्व दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी की जाएगी, जिससे देश-विदेश के लोग ऑनलाइन इसका आनंद उठा सकेंगे।

कार्निवल में मिलेट्स फेस्टिवल और क्राफ्ट बाजार का भी आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद प्रदर्शित और बेचने का अवसर मिलेगा। महिलाओं और युवाओं के लिए भी कई रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।इस अवसर पर एडीसी विनय कुमार, एडीएम शिल्पी बेक्टा, एसडीएम मोहित रत्न, एसी टू डीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!