आत्मनिर्भर हिमाचल सिर्फ़ नारा नहीं, बल्कि हमारा जुनून :- मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू

आत्मनिर्भर हिमाचल सिर्फ़ नारा नहीं, बल्कि हमारा जुनून :- मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू

मंडी, 10 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर हिमाचल केवल एक नारा नहीं, बल्कि राज्य सरकार का जुनून और जनता के प्रति प्रतिबद्धता है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में प्रभावित लोगों के लिए राहत राशि 70,000 रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पूरी तरह क्षतिग्रस्त घरों के लिए मुआवजा 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये और आंशिक क्षति वाले घरों के लिए 1 लाख रुपये किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से 1,500 करोड़ रुपये की सहायता अब तक न मिलने पर असंतोष व्यक्त किया और कहा कि राज्य बार-बार वन भूमि पर आपदा पीड़ितों के पुनर्वास की अनुमति मांग रहा है।

सुक्खू ने कहा कि भाजपा आपदा राहत कार्यों का राजनीतिकरण कर रही है। प्रधानमंत्री की घोषणा के दो महीने बाद भी वित्तीय मदद न मिलना केंद्र की उदासीनता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2023 में 28,000 से अधिक आपदा पीड़ितों को सहायता दी गई और सरकार ने 6,000 अनाथ बच्चों को “चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट” के रूप में अपनाया है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल कर कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया है। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार किए जा रहे हैं ।

हिमाचल अब शिक्षा गुणवत्ता में देश में पांचवें स्थान पर है।राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और अन्य वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर हिमाचल के साथ भेदभाव का आरोप लगाया और मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व की प्रशंसा की। सभी ने एकस्वर में कहा कि हिमाचल शीघ्र ही आत्मनिर्भर राज्य के रूप में उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!