जिले में 12 से 27 नवंबर तक चलेगा सघन डायरिया-निमोनिया नियंत्रण पखवाड़ा :- उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल

जिले में 12 से 27 नवंबर तक चलेगा सघन डायरिया-निमोनिया नियंत्रण पखवाड़ा :- उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल

चंबा, 10 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में सघन डायरिया-निमोनिया नियंत्रण पखवाड़े की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि जिले में इस अभियान का द्वितीय चरण 12 से 27 नवंबर तक चलाया जाएगा, जिसके दौरान पांच वर्ष तक की आयु के लगभग 53,295 बच्चों को ओआरएस और जिंक की दवाएं वितरित की जाएंगी।उपायुक्त ने कहा कि पखवाड़े का उद्देश्य बच्चों में डायरिया और निमोनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण सुनिश्चित करना है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज संस्थान, शहरी निकायों, कल्याण विभाग तथा स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है।

उन्होंने अधिकारियों को प्रवासी बस्तियों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त उन्होंने जल शक्ति विभाग को सभी पेयजल स्रोतों की शीत ऋतु पूर्व सफाई तथा शिक्षा विभाग को विद्यालयों के जल भंडारण टैंकों की मानसून उपरांत सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से डायरिया या संबंधित बीमारियों से पिछले एक वर्ष में हुई बाल मृत्यु के आंकड़े प्रस्तुत करने को कहा गया।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने बताया कि सभी स्वास्थ्य खंडों में आवश्यक दवाइयां और जागरूकता सामग्री उपलब्ध करा दी गई हैं। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों वाले परिवारों को ओआरएस पैकेट वितरित करेंगी और माताओं को डायरिया की रोकथाम व स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी।बैठक की कार्यवाही का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. हर्षपुरी ने किया। इस अवसर पर डॉ. कविता महाजन, डॉ. हर्ष महाजन, सहायक अभियंता गौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!