उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने प्रीतमनगर बंगाली कॉलोनी का किया निरीक्षण, समस्याओं के समाधान को दिए निर्देश

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने प्रीतमनगर बंगाली कॉलोनी का किया निरीक्षण, समस्याओं के समाधान को दिए निर्देश

चंबा, 11 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने आज भटियात उपमंडल की ग्राम पंचायत हटली के अंतर्गत आने वाले प्रीतमनगर बंगाली कॉलोनी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से संवाद स्थापित कर उनकी मूलभूत सुविधाओं, आवासीय आवश्यकताओं तथा सामाजिक समस्याओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने क्षेत्र में रह रहे पात्र परिवारों को 2 से 3 बिस्वा आवासीय भूमि उपलब्ध करवाने की दिशा में जल्द कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी भटियात को आदेश दिया कि पंचायत सचिव के माध्यम से पात्र परिवारों की पहचान और पात्रता सत्यापन का कार्य प्राथमिकता से पूरा कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि भूमि आवंटन की प्रक्रिया निर्धारित समयावधि में पूरी की जा सके।उन्होंने स्थानीय लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

उपायुक्त ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के उज्जवल भविष्य की आधारशिला है, इसलिए अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर उपायुक्त ने प्रस्तावित डी.डी.ए.सी. केंद्र, गोला का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान उपमंडल अधिकारी (ना.) पारस अग्रवाल, तहसीलदार सुरिंदर कुमार, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, तहसील कल्याण अधिकारी आरती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।यह निरीक्षण प्रशासन की उस पहल का हिस्सा है जिसके तहत जिला चंबा के प्रत्येक क्षेत्र में रह रहे पात्र परिवारों को आवास, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!