अंतरराष्ट्रीय लवी मेला रामपुर–2025 की पहली सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों ने बिखेरा रंग, दर्शकों ने उठाया भरपूर आनंद

शिमला/रामपुर बुशहर, 11 नवंबर। चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
प्राचीन व्यापारिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय लवी मेला रामपुर–2025 की पहली सांस्कृतिक संध्या आज हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित की गई। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नन्द लाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सत्या भी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन और भजन मंडली रामपुर की मधुर भक्ति प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। इसके पश्चात् सुप्रसिद्ध गायिका गीता भारद्वाज, लोकप्रिय कलाकार हेमंत शर्मा, हनी नेगी और विक्की चौहान ने अपनी मनमोहक गायकी और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। देर रात तक लवी मैदान संगीत, तालियों की गड़गड़ाहट और नृत्य से गूंजता रहा।इस अवसर पर उपायुक्त एवं अंतरराष्ट्रीय लवी मेला समिति के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने मुख्य अतिथि नन्द लाल और उनकी धर्मपत्नी का पारंपरिक टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि लवी मेला केवल व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का पर्व नहीं, बल्कि बुशहर की समृद्ध विरासत और लोकसंस्कृति का जीवंत प्रतीक है, जो स्थानीय परंपराओं और जनजीवन को एक सूत्र में जोड़ता है।कार्यक्रम में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, कमला मेमोरियल पब्लिक स्कूल, स्प्रिंगडेल पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य और गीत प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, एसडीएम हर्ष अमरेन्द्र सिंह, डीएसपी नरेश शर्मा, जिला परिषद सदस्य बिमला शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष मुस्कान नेगी तथा सतलुज जल विद्युत निगम के अतिरिक्त महाप्रबंधक बृज राज उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।पहली सांस्कृतिक संध्या ने मेले के उत्साह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया।
