चंबा पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता, महिला से 274 ग्राम चरस बरामद

डलहौजी/चंबा 19 नवंबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंबा पुलिस को बीते कल एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। जानकारी के अनुसार, पुलिस अन्वेषण दल भटियात उपमंडल के ककीरा–घटासनी मुख्य मार्ग पर स्थित आर्मी बैरक के निकट नाकाबंदी कर वाहनों व राहगीरों की शक के आधार पर गहन जांच कर रहा था। इस दौरान पुलिस दल का ध्यान एक संदिग्ध महिला पर गया, जो पुलिस को देखकर अचानक घबरा गई और निगाहें चुराते हुए वहां से दूर जाने का प्रयास करने लगी।महिला की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए पुलिस ने तुरंत उसे रोककर पूछताछ की तथा तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 274 ग्राम चरस बरामद हुई। मौके पर मौजूद पुलिस दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में ले लिया।आरोपी महिला की पहचान सीमा देवी (उम्र 26 वर्ष) पत्नी सतीश कुमार, निवासी गांव भगौते, डाकघर किलोड, तहसील सलूणी, जिला चंबा के रूप में हुई है।

बरामद किए गए मादक पदार्थ के आधार पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत पुलिस थाना चुवाड़ी में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चंबा पुलिस नशाखोरी और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस पूरे संकल्प के साथ कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नशा तस्करी में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों के बीच राहत महसूस की जा रही है, वहीं नशा तस्करों पर पुलिस की यह सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है।