पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में मनाया गया नवजात शिशु देखभाल सप्ताह, जागरूकता के लिए कार्यक्रम आयोजित

चंबा, 21 नवंबर चम्बा मुकेश कुमार (गोल्डी)
पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा में आज नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा के दिशा-निर्देशानुसार नवजात शिशु केयर कॉर्नर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जन शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी सी.आर. ठाकुर ने नवजात शिशु देखभाल के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।उन्होंने बताया कि भारत में हर वर्ष 15 से 21 नवंबर तक नवजात शिशु देखभाल सप्ताह मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य बच्चों के बेहतर जीवन, स्वास्थ्य और विकास के लिए नवजात अवस्था में देखभाल की आवश्यकता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जीवन के पहले 28 दिन बच्चे के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, क्योंकि इसी अवधि में मृत्यु का सबसे अधिक जोखिम रहता है।सी.आर. ठाकुर ने नवजात शिशु की मूलभूत आवश्यकताओं — गर्मी, सहज श्वास, मां का दूध और संक्रमण से सुरक्षा — पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि शिशु के शरीर का तापमान संतुलित रखने के लिए गुनगुने पानी से स्नान, मुलायम सूती कपड़े और सिर व हाथ-पैर ढककर रखना जरूरी है। कमरे का तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच होना चाहिए।उन्होंने कंगारू मदर केयर (त्वचा से त्वचा संपर्क) को नवजात विशेषकर कम वजन और समय से पूर्व जन्मे बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया। इसके साथ ही 6 महीने तक केवल स्तनपान को शिशु के लिए सर्वोत्तम पोषण बताया।कार्यक्रम में पूनम सहगल, न्यूट्रीशनल काउंसलर, तथा शकुंतला नर्सिंग कॉलेज की छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को नवजात शिशु स्वास्थ्य एवं देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।