चुवाडी़ पुलिस की कार्रवाई, लाहडू में अवैध कच्ची शराब बरामद, लाहन तथा भट्टी ध्वस्त

चंबा, 22 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को मजबूत करते हुए पुलिस थाना चुवाड़ी की टीम ने बीते दिन गांव लाहडू में कार्रवाई अंजाम देते हुए अवैध कच्ची शराब बरामद की। यह कार्रवाई पुलिस थाना प्रभारी रमन चौधरी की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव लाहडू में मन बहादुर पुत्र करण बहादुर निवासी तहसील भटियात अवैध रूप से कच्ची शराब का निर्माण कर उसे बेच रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी के कब्जे से 2000 मिलीलीटर कच्ची शराब बरामद की गई। साथ ही मौके पर तैयार की जा रही शराब की भट्टी और बड़ी मात्रा में लाहन (कच्चा माल) भी पाया गया, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।पुलिस थाना प्रभारी रमन चौधरी ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े तत्वों के खिलाफ अभियान सख्ती से जारी है। उन्होंने कहा कि इलाके में अवैध शराब निर्माण और नशे की तस्करी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रमन चौधरी ने यह भी बताया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और ऐसे अनैतिक कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को अपने आसपास नशे से संबंधित गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस उनकी पहचान को पूर्ण रूप से गोपनीय रखेगी।