पुलिस हिरासत से फरार हुआ आरोपी, थाना स्टाफ पर गिरी गाज , एक निलंबित, नोटिस जारी

चंबा, 22 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा सदर पुलिस थाना परिसर से बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद थाना प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए रात्रि मुंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, आरोपी की निगरानी में तैनात होमगार्ड जवान को उसके विभाग में वापस भेज दिया गया है और उसकी पुलिस विभाग में दोबारा तैनाती न करने की अनुशंसा की गई है। इसके अलावा थाना प्रभारी, अन्वेषण अधिकारी तथा थाना मुंशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस ने वीरवार को बाइक चोरी के मामले में मानविंद्र सिंह, निवासी गांव झज्जाकोठी, तहसील चुराह को गिरफ्तार किया था। आरोपी से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई थी। पुलिस के अनुसार रात करीब साढ़े 11 बजे आरोपी ने पेट दर्द का बहाना बनाकर शौचालय जाने की अनुमति मांगी।

जब उसे लॉकअप से निकालकर शौचालय की ओर ले जाया जा रहा था, तभी आरोपी ने अचानक होमगार्ड जवान को धक्का देकर मौके से फरार हो गया।घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन अब तक आरोपी का कोई पता नहीं चल पाया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।एएसपी हितेश लखनपाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की गई है और आगे भी ऐसी घटनाओं में जिम्मेदार कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।