एचआरटीसी चंबा डिपो के चालक–परिचालक ने लौटाया लाखों का बैग, ईमानदारी की बनी मिसाल

भरमौर /चंबा 23 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक प्रेरणादायक मामला सामने आया है, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) चंबा डिपो के चालक साहब सिंह और परिचालक विकास शर्मा ने ईमानदारी का परिचय देते हुए एक यात्री का महत्वपूर्ण दस्तावेजों और रकम से भरा बैग वापस लौटा दिया। उनकी इस ईमानदारी की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, दयोल गांव के रहने वाले देसराज एचआरटीसी बस में खडामुख से होली की ओर यात्रा कर रहे थे। सफर पूरा होने पर वे जल्दबाज़ी में बस से उतर गए और गलती से अपना बैग बस की सीट पर ही भूल गए। बैग में जरूरी कागजातों के साथ-साथ नगदी भी मौजूद थी। होली में यात्रियों के उतरने के बाद चालक और परिचालक की नजर बस के अंदर छूटे बैग पर पड़ी।
दोनों ने बैग को खोलकर मालिक की पहचान के संकेत खोजने की कोशिश की और तुरंत इसे सुरक्षित अपने पास रख लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों को भी इस घटना की जानकारी दी और गुम हुए व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास जारी रखा। काफी खोजबीन और संपर्क साधने के बाद अंततः बैग के मालिक देसराज से संपर्क स्थापित हो गया। बाद में औपचारिक प्रक्रिया के तहत बैग उन्हें वापस सौंप दिया गया।
बैग वापस मिलने पर देसराज ने चालक और परिचालक का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी ईमानदारी आज समाज के लिए एक प्रेरणा है। वहीं क्षेत्र के लोगों और सोशल मीडिया पर भी दोनों की इस जिम्मेदारी और सत्यनिष्ठा की खूब प्रशंसा हो रही है।
एचआरटीसी कर्मियों की इस पहल ने यह साबित किया है कि ईमानदारी अभी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी है।