चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान के तहत पोर्टमोर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

शिमला 24 नवम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किए गए एंटी-चिट्टा अभियान के तहत आज राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा ने कहा कि चिट्टा आज की युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने बताया कि स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में एक-दूसरे की नकल के चलते कई बच्चे नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नशा युवाओं को अपराध की ओर धकेल रहा है और कई परिवार इससे पूरी तरह प्रभावित हो चुके हैं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में रुचि बढ़ाने की सलाह दी, साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलाव पर ध्यान दें।डीएसपी अमित ठाकुर ने कहा कि नशे से जुड़े मामलों की जानकारी शिक्षक, अभिभावक या पुलिस के आपातकालीन नंबर 100 और 112 पर दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि ड्रग फ्री हिमाचल ऐप के माध्यम से भी गोपनीय शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर सजा का प्रावधान है और पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

डॉ. अचित शर्मा ने कहा कि नशा एक बीमारी है और इसका इलाज तभी संभव है जब समय पर मरीज को अस्पताल लाया जाए। वहीं, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी राकेश धौता ने कहा कि खेल नशे से दूर रखने में प्रभावी भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य राखी पंडित, उप-प्रधानाचार्य सुनीता राणा सहित स्कूल स्टाफ और छात्र उपस्थित रहे।