शिक्षा और विकास साथ-साथ, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया

भटीयात/चुवाडी़ 24 नवंबर बबलू पठानिया
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरगट में आज आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस अवसर पर उन्होंने वर्षभर शिक्षा, खेल तथा अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।समारोह से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले लोहाली पुल के निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पुल निर्माण समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश भी दिए।विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि निरंतर परिश्रम, लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और सकारात्मक सोच से जीवन में सफलता प्राप्त होती है।

उन्होंने शिक्षा के साथ खेल, सामाजिक जिम्मेदारी और रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता को भी आवश्यक बताया।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) चरण-4 के अंतर्गत भटियात विधानसभा क्षेत्र में 109 करोड़ रुपये की लागत से 12 सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इसके अलावा 120 गांवों को सड़क सुविधा प्रदान करने हेतु वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार किए गए हैं।विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र में कुछ सड़कों के निर्माण में निजी भूमि की उपलब्धता न होने पर चिंता व्यक्त करते हुए स्थानीय लोगों से सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने स्कूल की मांग पर परीक्षा भवन एवं मंच निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया और विद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।

समारोह में विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण स्टाफ, अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य उपस्थित रहे।