नगर परिषद चंबा की बैठक में स्वच्छता, यातायात व सार्वजनिक सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर

चम्बा 24 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने आज नगर परिषद चंबा के पार्षदों और अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में शहर में कूड़ा प्रबंधन तथा कचरे के पृथक्करण की मौजूदा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ शहर अभियान को मजबूती देने के लिए समयबद्ध सुधार आवश्यक हैं। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि न्यू बस स्टैंड से चौगान तक लिफ्ट निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, जिससे नागरिकों को आने-जाने में सुविधा मिल सके।बैठक के दौरान वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि नगर परिषद से जुड़े कुछ स्वयं सहायता समूहों ने जिले में बेहतर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध करवाने की इच्छा व्यक्त की है। इस पर उपायुक्त ने कहा कि इच्छुक समूहों को मेडिकल कॉलेज चंबा के माध्यम से एंबुलेंस उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी, ताकि स्थानीय स्तर पर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हो सकें।उपायुक्त ने बताया कि शहर में ई-रिक्शा संचालन को सुचारू बनाने के लिए भगोत क्षेत्र में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट स्थापित किया जाएगा।

साथ ही वरिष्ठ नागरिकों और मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए न्यू बस स्टैंड से सपड़ी, चोंतडा और हटनाला होते हुए जिला अस्पताल तक समर्पित टैक्सी सेवा शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है।यातायात व्यवस्था सुधार पर भी विशेष निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि गांधी गेट से कसाकड़ा तक वाहनों के संचालन का सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। वहीं एसडीएम को शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण मामलों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।उन्होंने बताया कि शहर के तीनों चौगानों की मरम्मत के लिए 5-5 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी।बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैय्यर, उपाध्यक्ष सीमा कश्यप सहित अधिकारी एवं पार्षद उपस्थित रहे।