खब्बी धार को पर्यटन हब बनाने की कवायद तेज़, जिला प्रशासन ने समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश

खब्बी धार को पर्यटन हब बनाने की कवायद तेज़, जिला प्रशासन ने समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश

चंबा 24 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चम्बा के अनछुए एवं प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पर्यटन स्थल खब्बी धार को विकसित करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर निरंतर प्रयास जारी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों एवं खब्बी धार पर्यटन विकास संगठन के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने बताया कि भविष्य में खब्बी धार को जिले का प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि क्षेत्र के 8 से 10 स्थानीय युवाओं को टूरिस्ट गाइड लाइसेंस जारी कर ट्रैकिंग प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।

उन्होंने दुआरु से बड़ी जमुहार नाग मंदिर तक निर्मित नए ट्रैक पर उचित साइन बोर्ड लगाने और चिन्हित स्थानों पर विभागीय बोर्ड स्थापित करने हेतु वन विभाग को निर्देशित किया। साथ ही, वन विभाग को गांव आगाहर से दुआरु तक ट्रैक निर्माण प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के आदेश दिए गए।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि खब्बी धार में कोई स्थाई निर्माण नहीं किया जाएगा और क्षेत्र में कैंपिंग साइट्स को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने संगठन को सीएसआर फंड के तहत अतिरिक्त प्राक्कलन तैयार करने और क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा ने बैठक में बताया कि हाल ही में स्थल निरीक्षण के दौरान संगठन द्वारा किए जा रहे कई कार्य सराहनीय पाए गए हैं।

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा, सहायक अभियंता तेजू राम, वन परिक्षेत्र अधिकारी सुनील कुमार, पंचायत प्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!