एबीवीपी इकाई बनीखेत द्वारा कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, सलूणी टीम विजेता घोषित

एबीवीपी इकाई बनीखेत द्वारा कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न, सलूणी टीम विजेता घोषित

डलहौजी/चम्बा 24 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई बनीखेत द्वारा आज शानदार एवं सफल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री संजीव पठानिया द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. पवन जरयाल भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्रों से कई टीमों ने उत्साहपूर्ण भागीदारी दर्ज करवाई, जिससे मैदान पर रोमांच और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कौशल, फुर्ती और खेल भावना का अद्भुत परिचय प्रस्तुत किया।

कड़े मुकाबलों के बाद सलूणी की टीम ने डलहौज़ी टीम को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि डलहौज़ी की टीम उपविजेता रही। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को दर्शकों और अतिथियों ने सराहनीय बताया।प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री संजीव पठानिया ने विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करती है।

उन्होंने आगे कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल युवाओं को न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्र निर्माण की ऊर्जा भी जागृत करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि संगठित एवं संस्कारित युवा ही सशक्त भारत की नींव होते हैं।इस अवसर पर एबीवीपी के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य लोग, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे। प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह, अनुशासन और सफलता के साथ सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!