तीसा शिक्षा खंड में मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, जीवन कौशल शिक्षा कार्यक्रम पर विशेष जोर

तीसा शिक्षा खंड में मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न, जीवन कौशल शिक्षा कार्यक्रम पर विशेष जोर

तीसा/ चुराह 25 नवंबर दिलीप सिंह ठाकुर

तीसा शिक्षा खंड में आज मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं विद्यालय प्रमुखों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी तीसा द्वारा की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में चल रही शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करना तथा आगामी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने पर चर्चा करना था।बैठक में समग्र शिक्षा के तहत खंड कार्यक्रम अधिकारी तीसा सहित अन्य अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विद्यालयों में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की वर्तमान स्थिति और उनके प्रभाव पर विस्तृत समीक्षा प्रस्तुत की गई।बैठक में जीवन कौशल शिक्षा (Life Skills Education) कार्यक्रम के मास्टर ट्रेनर और परियोजना टीम ने अब तक आयोजित किए गए प्रशिक्षणों, शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी तथा विद्यार्थियों की सहभागिता संबंधी रिपोर्ट साझा की। टीम ने बताया कि अधिकांश विद्यालयों में जीवन कौशल शिक्षा कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित हो रहा है और इसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों के व्यवहार, आत्मविश्वास और संचार क्षमता में देखा जा रहा है।इसके साथ ही कल्पना चांदला, फैलो आकांक्षी (नीति आयोग) तथा सनी कुमार, जेएसपी फैलो (मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन) भी बैठक में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम के ब्लॉक स्तर पर क्रियान्वयन, चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।बैठक के अंत में खंड विकास अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे समग्र शिक्षा और जीवन कौशल शिक्षा कार्यक्रमों को समयबद्ध, नियमित एवं प्रभावी रूप से लागू करें, ताकि विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास को सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!