लोक निर्माण मंत्री ने चलहोग में 1.14 करोड़ से बने नए पंचायत भवन का लोकार्पण किया

लोक निर्माण मंत्री ने चलहोग में 1.14 करोड़ से बने नए पंचायत भवन का लोकार्पण किया

शिमला 25 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चलहोग में 1.14 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नए पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक और आदर्श पंचायत भवनों का निर्माण कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।उन्होंने बताया कि यह भवन मात्र एक वर्ष में जनता को समर्पित किया गया है, जिससे पंचायत स्तरीय विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि चलहोग पंचायत पहले शकराह पंचायत का हिस्सा थी और करीब 402 की जनसंख्या वाली इस पंचायत में समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में शिमला ग्रामीण में लगभग 1500 करोड़ रुपये के विकास कार्य संपन्न हुए, जिसके परिणामस्वरूप आज क्षेत्र में लॉ यूनिवर्सिटी, ज्यूडिशियल अकादमी और फाइन आर्ट कॉलेज जैसे प्रतिष्ठित संस्थान स्थापित हैं।

मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को राजनीतिक आधार पर नहीं रोका जाना चाहिए और टीम वर्क के माध्यम से ही प्रदेश का संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार मनरेगा के माध्यम से 2 लाख रुपये के डंगे लगाने जा रही है, जिससे आपदा प्रभावित क्षेत्रों को राहत मिलेगी।उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत प्रदेश में स्वीकृत 2300 करोड़ रुपये की सड़कों का उल्लेख करते हुए कहा कि हरी देवी–बलोह सड़क की मेटलिंग का कार्य 35 लाख रुपये में पूरा किया गया है। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घन्नाहटी में रेडियोग्राफर और लैब टेक्नीशियन के पदों की स्वीकृति तथा स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करने की जानकारी भी दी।कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पंचायत भवन के मैदान के लिए 5 लाख रुपये तथा नए फर्नीचर के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में स्थानीय प्रतिनिधियों ने मंत्री का शॉल व टोपी पहनाकर स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!