नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत डलहौजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कूलों-कॉलेजों के आसपास दबिश देकर प्रतिबंधित तंबाकू जब्त

नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत डलहौजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्कूलों-कॉलेजों के आसपास दबिश देकर प्रतिबंधित तंबाकू जब्त

डलहौजी/चंबा, 25 नवंबर , मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा नशा मुक्त हिमाचल अभियान को गति देने के लिए प्रदेश पुलिस निरंतर विशेष अभियान चला रही है। इसी क्रम में डलहौजी पुलिस ने आज क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों के आसपास दुकानों, रेहड़ियों फडीयों और ढाबों पर आकस्मिक दबिश देते हुए प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने चार दुकानदारों से प्रतिबंधित तंबाकू जब्त कर उनके चालान काटे और जुर्माना भी लगाया।पुलिस थाना डलहौजी के प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने नशे और अवैध तंबाकू बिक्री के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश जारी किए हैं। इसी के तहत पुलिस दल को स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित निरीक्षण के आदेश दिए गए हैं। आज़ डलहौजी पब्लिक स्कूल, सुभाष चंद्र बोस राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोती टिब्बा, सेक्रेड हार्ट स्कूल सुभाष चौक, पुखरी पॉलिटेक्निक तथा बनीखेत-पद्दर क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष दबिश अभियान चलाया गया।

दबिश के दौरान पुलिस टीम ने पाया कि कुछ दुकानदार गुपचुप तरीके से प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बेच रहे थे। ऐसे चार दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और उनके पास से प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई। पुलिस ने चालान काटते हुए उन्हें सख्त चेतावनी भी दी कि भविष्य में ऐसी गतिविधियों में पकड़े जाने पर उनके खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी।थाना प्रभारी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों के आसपास नशे से जुड़े किसी भी उत्पाद की बिक्री को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस बीड़ी-सिगरेट बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।

जगबीर सिंह ने स्थानीय जनता से नशा मुक्त हिमाचल अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशे या प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं।डलहौजी पुलिस की यह कार्रवाई युवाओं को नशे से दूर रखने तथा समाज में नशा उन्मूलन के लिए एक अहम कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!