मैहला में बिरसा मुंडा जयंती पर कार्यक्रम, सत्येंद्र सिंह और विधायक डॉ. जनक राज ने रखे विचार

भरमौर/ चंबा 27 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर के मैहला क्षेत्र में बनवासी कल्याण आश्रम के तहत जालपा मंदिर परिसर में भगवान बिरसा मुंडा जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में जनजातीय समुदाय के लोगों, सामाजिक प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने भारी संख्या में भाग लेकर महान स्वतंत्रता सेनानी और जननायक बिरसा मुंडा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बनवासी कल्याण आश्रम प्रकल्प के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, उनके आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।

सत्येंद्र सिंह ने कहा कि बिरसा मुंडा की संघर्षशील जीवन यात्रा आज भी समाज को प्रेरित करती है। उन्होंने जनजातीय समुदाय की एकता, जागरूकता और आत्मनिर्भरता को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।इस अवसर पर भरमौर–पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा सर्वोपरि है और इसमें बनवासी कल्याण आश्रम की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं के समाधान और विकास की गति को तेज करने के लिए सरकार और समाज का मिलकर प्रयास करना अनिवार्य है।डॉ. जनक राज ने क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि जनजातीय क्षेत्रों के विकास और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनजातीय पहचान और अधिकारों की सुरक्षा के लिए सभी को जागरूक और संगठित रहना होगा।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने जनजातीय नायकों की विरासत को आगे बढ़ाने और समाज में जागरूकता लाने का संकल्प भी लिया।