विश्व कप विजेता चंपा ठाकुर का बनीखेत भुरु नाग मंदिर परिसर एवं बट्ट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग एवं आईटीआई बोंखरी मोड़ में भव्य स्वागत

विश्व कप विजेता चंपा ठाकुर का बनीखेत भुरु नाग मंदिर परिसर एवं बट्ट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग एवं आईटीआई बोंखरी मोड़ में भव्य स्वागत

चम्बा 27 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

विश्व कप विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम की प्रतिभाशाली खिलाड़ी और चुराह की बेटी चंपा ठाकुर का बनीखेत भुरू नाग देवता मंदिर परिसर एवं बट्ट कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग एवं आईटीआई बोंखरी मोड़ में आज भव्य स्वागत किया गया। विश्व मंच पर भारत, हिमाचल प्रदेश, जिला चंबा और विशेष रूप से अपने गृह क्षेत्र तीसा का नाम रोशन करने के बाद चंपा ठाकुर अपने परिवार के साथ भुरू नाग देवता मंदिर में शीश नवा कर बटृट शिक्षण सस्थान पहुंचीं।

उनके साथ पिता पहलवान रमेश ठाकुर, माता नारो देवी, भाई सुमित और हिमांशु ठाकुर तथा समाजसेवी विपन राजपूत मौजूद रहे।संस्थान परिसर में पहुंचते ही बट्ट ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने समूचे स्टाफ और प्रशिक्षुओं के साथ चंपा ठाकुर व उनके परिवार का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर चेयरमैन बट्ट ने चंपा ठाकुर को चंबा थाल, शाल और पारंपरिक टोपी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने परिवारजनों को भी इसी प्रकार सम्मान देकर उनकी महत्ता को रेखांकित किया।

अपने संबोधन में परवेज अली बट्ट ने कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का क्षण है कि विश्व पटल पर देश का मान बढ़ाने वाली खिलाड़ी यहां पहुंची हैं। उन्होंने चंपा के भाई सुमित ठाकुर को भी याद किया, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहलवानी में नाम कमाया है। बट्ट ने कहा कि चंपा की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का सहयोग और प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है।इस दौरान चंपा ठाकुर ने भी प्रशिक्षुओं को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि परिवार की प्रेरणा और निरंतर मेहनत के चलते ही वे आज विश्व स्तर पर पहचान पाने में सफल हुई हैं। उन्होंने युवा प्रशिक्षुओं को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने की सलाह दी तथा खेलों में भी उज्ज्वल भविष्य बनाने की बात कही। चंपा ठाकुर ने प्रशिक्षुओं से नशा और व्यसनों से दूर रहने का आह्वान भी किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशिक्षु, स्टाफ सदस्य, जन प्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!