जाखू मंदिर में होगी चांदी की नक्काशी, दानकर्ता उठाएगा पूरा खर्च,न्यास समिति ने दी विकासात्मक प्रस्तावों को हरी झंडी

शिमला 01 दिसम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
श्री हनुमान मंदिर न्यास समिति जाखू की बैठक सोमवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मंदिर परिसर से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों पर चर्चा हुई और कुछ अहम प्रस्तावों को मंजूरी भी मिली।बैठक का मुख्य आकर्षण मंदिर के गर्भगृह के आसपास चांदी की नक्काशी करवाने के प्रस्ताव को स्वीकृति देना रहा। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि यह प्रस्ताव एक दानकर्ता की ओर से रखा गया था, जो पूरे कार्य का खर्च स्वयं वहन करेगा। नक्काशी के डिज़ाइन को अंतिम रूप देने की जिम्मेदारी एसडीएम शहरी, न्यास के सदस्य तथा जिला भाषा अधिकारी की संयुक्त टीम को दी गई है। इस फैसले से मंदिर की पारंपरिक आभा और भव्यता में और वृद्धि होने की उम्मीद जताई जा रही है।इसके अलावा बैठक में लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार किए गए 5 करोड़ 67 लाख रुपये की अनुमानित लागत वाले मास्टर प्लान को भी मंजूरी दी गई।

इस प्लान के तहत यज्ञशाला, शू हाउस, नए शौचालय, दुकानों तथा शेड आदि के निर्माण का प्रस्ताव शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि इन सुविधाओं के निर्माण से श्रद्धालुओं की सुविधा में व्यापक सुधार होगा।मंदिर की वेबसाइट निर्माण पर भी समीक्षा की गई। बताया गया कि वेबसाइट का कार्य अंतिम चरण में है और इसे एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को ऑनलाइन सुविधाएँ जल्द उपलब्ध हो सकें।बैठक में एसी टू डीसी देवी चंद ठाकुर, सहायक आयुक्त नगर निगम भुवन शर्मा, एसडीएम ओशीन शर्मा, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा सहित न्यास सदस्य कुनाल, अमित शर्मा, पार्षद नरेंद्र ठाकुर, इशू ठाकुर, दीपक कुमार, कपिल शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।—