धर्मशाला में CM सुक्खू का चिट्टा विरोधी महा वॉकथॉन, नशा-मुक्त हिमाचल के लिए बड़े ऐलान

कांगड़ा/ धर्मशाला 2 दिसंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पुलिस ग्राउंड धर्मशाला में आयोजित चिट्टे के खिलाफ महा वॉकथॉन को संबोधित करते हुए नशा-मुक्त हिमाचल अभियान को नई गति देने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने मंच से उपस्थित लोगों का “राधे-राधे, राम-राम” कहकर अभिवादन किया और कहा कि वे मुख्यमंत्री बनकर नहीं, बल्कि जनता से संवाद करने आए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देवभूमि में चिट्टा बेचने वालों के लिए कोई जगह नहीं है और इस लड़ाई को अब निर्णायक मोड़ दिया जाएगा।सुक्खू ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2024 में NDPS एक्ट को कठोरता से लागू किया, जिसके तहत अब तक 40 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अब कार्रवाई केवल सप्लायर्स तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि उन बड़े तस्करों और सौदागरों तक पहुंचेगी, जो हिमाचल के युवाओं को नशे का जहर बेच रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि एंटी-STF को सभी विभागों के समन्वय से एक शक्तिशाली इकाई के रूप में विकसित किया जा रहा है। 15 अगस्त को सरकाघाट में लिए गए चिट्टा विरोधी संकल्प को धर्मशाला में और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर नागरिक इस लड़ाई का योद्धा बनेगा और सामूहिक प्रयासों से नशे को जड़ से मिटाया जाएगा।इनाम योजना की बड़ी घोषणामुख्यमंत्री ने चिट्टा माफिया की सूचना देने वालों के लिए आकर्षक इनामों की घोषणा की। इनमें 2 ग्राम पर 10,000 रुपये, 5 ग्राम पर 25,000 रुपये, 25 ग्राम पर 50,000 रुपये, 1 किलो पर 5 लाख रुपये और 5 किलो पर 10 लाख रुपये का पुरस्कार शामिल है। इसके अलावा नेटवर्क सरगना की जानकारी देने पर 5 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोपनीय सूचना 112 नंबर पर दी जा सकती है और सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। इनाम 30 दिनों के भीतर जारी कर दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने नारा दिया— “हम डरेंगे नहीं, हम लड़ेंगे… मेरा हिमाचल, चिट्टा-मुक्त हिमाचल।” उन्होंने समाज के हर वर्ग से #चिट्ठामुक्तहिमाचल अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की।गौरतलब है कि हाल के महीनों में मंडी, सोलन, शिमला, बिलासपुर और कुल्लू में चिट्टे के सेवन से कई युवा अपनी जान गंवा चुके हैं, जिससे सरकार ने इस अभियान को और भी आक्रामक रूप दिया है।