स्वास्थ्य विभाग चंबा ने गृह रक्षक प्रशिक्षण संस्थान चीमा सरू में लगाया जागरूकता शिविर

स्वास्थ्य विभाग चंबा ने गृह रक्षक प्रशिक्षण संस्थान चीमा सरू में लगाया जागरूकता शिविर

चम्बा 05 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा गृह रक्षक प्रशिक्षण संस्थान, चीमा (सरू) में आज एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य गृह रक्षकों को एचआईवी/एड्स के प्रति संवेदनशील बनाना और उन्हें रोकथाम संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना था। शिविर में जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने मुख्य संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित होकर प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी।डॉ. पुरी ने बताया कि जिला एड्स नियंत्रण सोसाइटी चंबा द्वारा एचआईवी/एड्स की रोकथाम, जागरूकता और उपचार से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम प्रभावी रूप से चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एचआईवी की जांच हर व्यक्ति को स्वेच्छा से और नियमित रूप से करवानी चाहिए, जिससे संक्रमण का समय पर पता लगाया जा सके और उपचार शुरू किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि जिले में गर्भवती महिलाओं की एचआईवी जांच को विशेष महत्व दिया जा रहा है, ताकि माता से शिशु में संक्रमण की संभावना को समाप्त किया जा सके।जिले में आईसीटीसी चंबा, भरमौर, किहार और चुवाड़ी में मुफ्त एचआईवी जांच सुविधा उपलब्ध है, जहां लोगों की रिपोर्ट और व्यक्तिगत जानकारी को विभाग द्वारा पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है। डॉ. पुरी ने प्रतिभागियों को यह भी अवगत कराया कि एचआईवी/एड्स संबंधी किसी भी जानकारी, सहायता या मार्गदर्शन के लिए भारत सरकार द्वारा जारी 1097 टोल-फ्री हेल्पलाइन 24×7 उपलब्ध है।

इस जागरूकता शिविर में कुल 50 गृह रक्षकों ने भाग लिया और एचआईवी/एड्स से संबंधित मिथकों, फैक्ट्स, रोकथाम उपायों तथा उपलब्ध उपचार सुविधाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। शिविर के अंत में विभाग द्वारा प्रतिभागियों को जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई। इस प्रकार का कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित करने की योजना विभाग द्वारा बनाई जा रही है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!