तलेरु में पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

तलेरु में पर्यटन विकास को मिलेगी नई गति, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

चम्बा 05 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने कहा कि तलेरु झील के समीप स्थित गांव पलेई और टिपरी में पर्यटन गतिविधियों को मजबूत बनाने के लिए संबंधित अधिकारी प्रभावी और त्वरित कदम उठाना सुनिश्चित करें। वह तलेरु में पर्यटन विकास को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने जिला पर्यटन विकास अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी सलूणी को निर्देश दिए कि स्थानीय युवाओं को पर्यटन आधारित गतिविधियों में शामिल करने के ठोस प्रयास किए जाएं। इससे न केवल पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।उपायुक्त ने बताया कि तलेरु में जैटी के संवर्धन का कार्य तेजी से प्रगति पर है। साथ ही चमेरा-1 झील के समीप स्थित तलेरु से पलेई और टिपरी तक बोटिंग गतिविधियों को सुव्यवस्थित बनाने के लिए डॉकयार्ड स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि बोटों के सुरक्षित संचालन और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।उन्होंने कहा कि तलेरु में पर्यटकों के लिए उपलब्ध टॉयलेट, रेस्टोरेंट और अन्य आवश्यक सुविधाओं की मरम्मत का कार्य खंड विकास अधिकारी सलूणी द्वारा पूर्ण कर लिया गया है।

लगभग 20 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जा चुकी है, जबकि शेष सुविधाओं का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पर्यटन स्थल तलेरु में प्लास्टिक के उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लागू किया जाए तथा स्वच्छता और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में तलेरु को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे, ताकि यह क्षेत्र जिला चम्बा का आकर्षक और सुविधाजनक पर्यटन स्थल बन सके।बैठक में जिला स्तर पर संचालित विकास परियोजनाओं— प्रधानमंत्री आवास योजना, आपदा प्रभावित परिवारों के आश्रय, मनरेगा जॉब कार्ड की ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग तथा तंबाकू मुक्त क्षेत्र निर्माण— की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।इस बैठक में एडीएम अमित मैहरा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, जिला योजना अधिकारी जीवन कुमार तथा संबंधित खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!