पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम ‘नवप्रभा’ का भव्य आयोजन

डलहौजी/चम्बा 05 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बनीखेत में वार्षिक समारोह ‘नवप्रभा’ का भव्य और सफलतापूर्वक आयोजन शुक्रवार, 5 दिसंबर 2025 को बड़े उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, एनएचपीसी बनीखेत के ई.डी. ओम प्रकाश तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्या करमजीत ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।समारोह में विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें स्वागत गीत, समूह नृत्य, संगीत, एरोबिक और योग प्रदर्शन शामिल थे।

नन्हे-मुन्ने बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों से भरपूर सराहना और तालियाँ बटोरीं। कार्यक्रम का मंच संचालन भी विद्यार्थियों ने बड़ी कुशलता और आत्मविश्वास के साथ किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।

उन्होंने विद्यालय द्वारा शिक्षा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा की।सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के पश्चात कृष्ण कुमार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद उपस्थित सभी लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।वार्षिकोत्सव ‘नवप्रभा’ विद्यालय के गौरव, अनुशासन और विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन रहा, जिसकी सभी ने अत्यंत प्रशंसा की।
