कुफ़री में आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, पर्यटकों से यातायात नियमों के पालन हेतु की अपील

शिमला 07 दिसम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)
शिमला में बढ़ती पर्यटक संख्या और सड़कों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए रविवार को कुफरी में एक दिवसीय विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सर्दियों के मौसम में शिमला आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रेरित करना और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि शिमला में पर्यटन चरम पर है, ऐसे में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक ज़िम्मेदारी है। उन्होंने पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान सीट बेल्ट का उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन से संबंधित सभी दस्तावेज साथ रखें, नशे में वाहन न चलाएं और सनरूफ से बाहर निकलने जैसी जोखिमपूर्ण हरकतों से बचें। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में पर्यटक बेझिझक जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।

उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं के दौरान आम नागरिकों की भूमिका पर भी जोर देते हुए कहा कि दुर्घटना स्थल पर वीडियो बनाने या फोटो खींचने के बजाय घायल की मदद करना सबसे बड़ी मानवता है। उन्होंने कहा कि समय पर सहायता मिलने से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
इस अभियान के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने इंटरसेप्टर वाहनों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश स्टेट रोड ट्रांसफॉर्मेशन परियोजना के तहत विश्व बैंक की सहायता से खरीदे गए इन अत्याधुनिक वाहनों में रडार, एल्को सेंसर, ब्लैक ग्लास डिटेक्शन, फ्लैशर डिटेक्शन सिस्टम, जीपीएस और सीसीटीवी जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इन इंटरसेप्टरों की मदद से न केवल रात्रि गश्त प्रभावी हुई है, बल्कि अपराध नियंत्रण और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता भी बढ़ी है।

इस अवसर पर एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी सुमेध शर्मा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। अभियान के सफल आयोजन ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को और मजबूत किया।