प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से मृतका के परिवार को मिला आर्थिक सहारा, उपायुक्त ने सौंपा 2 लाख का चेक

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से मृतका के परिवार को मिला आर्थिक सहारा, उपायुक्त ने सौंपा 2 लाख का चेक

चम्बा, 08 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना ने एक बार फिर संकट की घड़ी में एक परिवार को बड़ा सहारा प्रदान किया है। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपासवाल ने आज मृतका कविता देवी के पति संजीव कुमार को योजना के तहत 2 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा। मृतका कविता देवी गांव कलेला, ग्राम पंचायत धीमला की निवासी थीं।इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं कठिन समय में परिवारों को आर्थिक संबल देती हैं। उन्होंने समस्त जिलावासियों से इन योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया ताकि किसी भी अनहोनी की स्थिति में परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। उपायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में मात्र 20 रुपये प्रतिवर्ष और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 436 रुपये प्रतिवर्ष के नामांकन से लोगों को बड़ा लाभ मिलता है।उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों द्वारा योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि समय पर बीमा राशि का भुगतान योजनाओं के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत करता है।

बैंक शाखा प्रबंधक मुकेश ठाकुर ने बताया कि कविता देवी ने 15 जून 2014 को शाखा राख में अपना बचत खाता खुलवाया था और 8 नवंबर 2023 को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में नामांकन किया था। 26 अगस्त 2025 को भारी वर्षा के दौरान उनके घर के समीप चट्टान गिरने से उनकी दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु हो गई थी। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मात्र तीन माह के भीतर बीमा राशि का भुगतान कर दिया गया।मृतका के पति संजीव कुमार ने समय पर सहायता मिलने पर प्रशासन और बैंक का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला अग्रणी बैंक अधिकारी डी.सी. चौहान और क्षेत्रीय प्रबंधक ग्रामीण बैंक विजय अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!