अपनी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान के तहत चम्बा में दो विशेष शिविर 12 व 13 दिसंबर को

चम्बा, 08 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारत सरकार के “अपनी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान के अंतर्गत चम्बा जिले में अज्ञात जमा राशियों को लेकर आम जनता को जागरूक करने और उन्हें त्वरित समाधान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से दो विशेष जागरूकता एवं समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह जानकारी अग्रणी जिला प्रबंधक चम्बा डीसी चौहान ने दी। उन्होंने बताया कि पहला शिविर 12 दिसंबर को ग्राम पंचायत हरिपुर और दूसरा शिविर 13 दिसंबर को ग्राम पंचायत खज्जियार में आयोजित किया जाएगा।इन शिविरों का आयोजन अग्रणी बैंक चम्बा द्वारा भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) शिमला के सहयोग से किया जा रहा है। विशेष बात यह है कि जिले में कार्यरत सभी बैंक इन शिविरों में भाग लेकर आम नागरिकों को अज्ञात जमा राशियों से संबंधित जानकारी और सहायता प्रदान करेंगे। शिविरों में लोगों को यह बताया जाएगा कि वे अपने पुराने, निष्क्रिय या अज्ञात खातों की पहचान कैसे कर सकते हैं और अपनी जमा राशि को वैध प्रक्रिया के तहत कैसे प्राप्त कर सकते हैं।डीसी चौहान ने बताया कि वर्तमान समय में चम्बा जिले में 40 हजार से अधिक अज्ञात जमा खाते मौजूद हैं। इनमें सबसे अधिक खाते पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, यूको बैंक, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक तथा हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक से संबंधित हैं। लंबे समय से निष्क्रिय पड़े इन खातों की जानकारी के अभाव में कई लोग अपनी ही जमा पूंजी से वंचित रह जाते हैं।उन्होंने बताया कि इन शिविरों में केवल जानकारी ही नहीं दी जाएगी, बल्कि मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों के माध्यम से अज्ञात जमा राशियों के निपटान की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी, जिससे लोगों को त्वरित लाभ मिल सके। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को उनके वित्तीय अधिकारों के प्रति जागरूक करना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति अपनी मेहनत की कमाई से वंचित न रहे।अंत में डीसी चौहान ने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इन शिविरों में अवश्य भाग लें, अपने निष्क्रिय या अज्ञात खातों का सत्यापन करवाएं और अपनी जमा राशि का दावा कर इस अभियान का लाभ उठाएं।