डलहौज़ी में 25 से 31 दिसंबर तक आयोजित होगा विंटर फेस्टिवल-2025, तैयारियों को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक

चम्बा 09 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौज़ी में विंटर फेस्टिवल-2025 के सफल आयोजन को लेकर आज उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह उत्सव 25 से 31 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य डलहौज़ी में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना तथा पर्यटकों को आकर्षित करना है। उपायुक्त ने कहा कि यह फेस्टिवल जिले के पर्यटन और स्थानीय संस्कृति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाना आवश्यक है।उपायुक्त ने एसडीएम डलहौज़ी को निर्देश दिए कि सुभाष चौक और गांधी चौक में आयोजन के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के दौरान प्रतिदिन सुबह होटल एसोसिएशन के सहयोग से हेरिटेज वॉक आयोजित की जाएगी, ताकि पर्यटक और स्थानीय लोग डलहौज़ी की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक महत्व से परिचित हो सकें।

उन्होंने कहा कि 25 से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन सांयकाल 2 से 3 घंटे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 31 दिसंबर की अंतिम संध्या को रात 12 बजे तक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, ताकि नववर्ष का स्वागत उत्सवपूर्ण वातावरण में किया जा सके।उपायुक्त ने फेस्टिवल में अतिरिक्त आकर्षक गतिविधियां शामिल करने, विभागीय दुकानों के नियमित संचालन और स्वयं सहायता समूहों की दुकानों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाने के निर्देश भी दिए। कलाकारों, अधिकारियों व बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।उन्होंने कहा कि जिले की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर जैसे कुंजड़ी मल्हार, मुसादा गायन सहित स्थानीय लोक कलाओं को विशेष मंच प्रदान किया जाएगा। साथ ही, अग्नि से जुड़ी कलाबाजियों पर रोक लगाने और पर्यावरण हितैषी गतिविधियों को शामिल करने के निर्देश दिए गए।बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, परियोजना अर्थशास्त्री विनोद कुमार तथा एसडीएम डलहौज़ी अनिल कुमार भारद्वाज वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।