भरमौर में बेसहारा पशुओं की सुरक्षा को लेकर विधायक डॉ जनक का सराहनीय कदम, रेडियम कॉलर वितरित

भरमौर में बेसहारा पशुओं की सुरक्षा को लेकर विधायक डॉ जनक का सराहनीय कदम, रेडियम कॉलर वितरित

भरमौर/ चम्बा 09 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा क्षेत्र भरमौर के विधायक डी. आर. जनक ने बेसहारा पशुओं और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल की है। विधायक डी. आर. जनक ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने हाल ही में विधानसभा सदन में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और मांग की थी कि सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं को रेडियम कॉलर पहनाए जाएं, ताकि रात्रि के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।इसी कड़ी में आज भाजपा युवा मोर्चा मंडल चौरासी के कार्यकर्ताओं को विधायक द्वारा रेडियम कॉलर भेंट किए गए। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों पर जहां भी बेसहारा गोवंश दिखाई दें, उन्हें यह रात में चमकने वाले रेडियम कॉलर अवश्य पहनाएं, ताकि वाहन चालकों को दूर से ही पशुओं की मौजूदगी का आभास हो सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव संभव हो सके।विधायक डी. आर. जनक ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में रात के समय सड़कों पर बेसहारा पशुओं के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई बार ऐसी घटनाओं में न केवल पशुओं को गंभीर चोटें लगती हैं बल्कि वाहन चालकों की जान भी जोखिम में पड़ जाती है। रेडियम कॉलर इस दिशा में एक छोटा लेकिन प्रभावी कदम है, जिससे दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासन या सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है कि वह सार्वजनिक सुरक्षा के प्रति सजग रहे। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सकारात्मक और आवश्यक कदम बताया। स्थानीय लोगों ने भी इस प्रयास को सड़क सुरक्षा की दिशा में एक अहम पहल करार दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!