विधायक डी.एस. ठाकुर ने अपने जन्मदिवस पर की अनूठी जनसेवा, सलूनी व डलहौजी क्षेत्र के अस्पतालों को भेजी निशुल्क जेनेरिक दवाइयां

डलहौजी/चंबा 10 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
“अच्छी समझ और अच्छा स्वास्थ्य—जीवन के सबसे बड़े आशीर्वाद हैं।” इसी भावनात्मक सोच और जनसेवा के संकल्प के साथ डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी.एस. ठाकुर ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर एक सराहनीय और मानवता से भरा कदम उठाया। विधायक ठाकुर द्वारा स्वास्थ्य खंड सलूनी तथा डलहौजी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी अस्पतालों के लिए निशुल्क जेनेरिक दवाइयां भेंट स्वरूप भेजी गईं।इस सेवा कार्य का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की गरीब और जरूरतमंद जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी मरीज इलाज से वंचित न रहे। विधायक ठाकुर ने कहा कि “स्वस्थ समाज ही मजबूत समाज की नींव होता है और जब तक आम नागरिक स्वस्थ नहीं होगा, तब तक विकास अधूरा रहेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि ये जेनेरिक दवाइयां गुणवत्ता में उच्च और कीमत में किफायती होती हैं, जिससे गरीब परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विधायक के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में मरीजों को समय पर उपचार मिलेगा और दवाइयों की कमी से जूझ रहे अस्पतालों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों में भी इस पहल को लेकर खुशी और संतोष का माहौल देखने को मिला।ग्रामीण क्षेत्रों में अक्सर मरीजों को दवाइयों के लिए भटकना पड़ता है, ऐसे में यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगी बल्कि आम जनता में भरोसे को भी मजबूत करेगी।
