चंबा में स्वास्थ्य योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा, 21 दिसंबर को पल्स पोलियो अभियान का आयोजन

चंबा में स्वास्थ्य योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा, 21 दिसंबर को पल्स पोलियो अभियान का आयोजन

चंबा, 10 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चंबा द्वारा आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) चंबा के सभागार में जिला स्तरीय खंड चिकित्सा अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने की। इस अवसर पर उन्होंने खंड चिकित्सा अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत की गई मासिक प्रगति रिपोर्ट का गहन आकलन किया तथा महत्वाकांक्षी जिले के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश भर में पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 21 दिसंबर 2025 (रविवार) को किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत जन्म से लेकर पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर सीएमओ ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने पर जोर दिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत जिले में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की भी विस्तृत समीक्षा की। इनमें प्रजनन एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, एनसीडी कार्यक्रम तथा एचएमआईएस की खंड स्तरीय प्रगति शामिल रही। इसके अतिरिक्त हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की गतिविधियों का भी जायजा लिया गया।डॉ. जालम भारद्वाज ने निर्देश दिए कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, डॉ. वेहवी गुरंग, डॉ. सोहेल, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील ककड़, डॉ. नवदीप राठौर, डॉ. दिपेश बराल, डॉ. पदमा, डॉ. शाम लाल, डॉ. प्रतीक, डॉ. मोहन सहित सभी स्वास्थ्य खंडों के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!