रावमा हटली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह संपन्न, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया रहे मुख्य अतिथि

रावमा हटली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह संपन्न, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया रहे मुख्य अतिथि

भटियात/चुवाडी 10 दिसम्बर बबलू पठानीया

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शिरकत की। विद्यालय प्रशासन, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय जनता द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए नैतिक मूल्यों के साथ रोजगारोन्मुखी शिक्षा का होना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि ईमानदारी, परिश्रम, अनुशासन, सम्मान और सहानुभूति जैसे गुण ही एक अच्छे नागरिक की पहचान होते हैं। उन्होंने छात्रों को कुरीतियों से दूर रहते हुए सही मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।उन्होंने प्रदेश सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि अगले सत्र से प्रदेश के लगभग 100 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा, जिसमें जिला चंबा के 8 स्कूल शामिल हैं। भटियात क्षेत्र के चुवाड़ी, ककीरा और सिंहुता विद्यालयों में भी सीबीएसई की पढ़ाई शुरू होगी।

थुलेल में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की भी घोषणा की गई।विकास कार्यों पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में अढ़ाई वर्षों में 35 ग्रामीण सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 35 अन्य पर कार्य जारी है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल व विद्युत आपूर्ति के सुदृढ़ीकरण पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सिंहुता-लाहड़ू डबल लेन सड़क जून 2026 तक पूरी हो जाएगी। समोट में 20 करोड़ की लागत से 25 बिस्तरों का अस्पताल तथा सिंहुता में मिनी सचिवालय निर्माण की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने 13.60 लाख रुपये की लागत से निर्मित परीक्षा हाल का उद्घाटन किया तथा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विद्यालय को 31 हजार रुपये देने की भी घोषणा की।इस अवसर पर वन निगम निदेशक कृष्ण चंद चेला, एसडीएम पारस अग्रवाल, पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!