स्कीम वर्कर्स का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, प्रधानमंत्री को सौंपा गया मांगों का ज्ञापन

चंबा/चुवाड़ी 10 दिसम्बर मुकेश कुमार( गोल्डी )
आज चंबा व चुवाड़ी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं मिड डे मील कर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। स्कीम वर्कर्स ने जिला उपायुक्त चंबा तथा एसडीएम चुवाड़ी के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।यूनियन प्रतिनिधियों ने बताया कि देश में 28 लाख से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका तथा 26 लाख से अधिक मिड डे मील कुक हेल्पर वर्षों से गरीब बच्चों के पोषण और मातृ स्वास्थ्य के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। बावजूद इसके, सरकार ने इनके हित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। वर्ष 2009 से मिड डे मील कर्मियों और 2020 से आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में एक रुपया भी वृद्धि नहीं की गई है। यूनियन ने सरकार के नारी सशक्तिकरण के दावों को खोखला बताते हुए स्कीम वर्कर्स के लगातार हो रहे शोषण का आरोप लगाया।

यूनियन की प्रमुख मांगों में 45वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशें लागू कर श्रमिक का दर्जा, न्यूनतम वेतन व महंगाई भत्ता, सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार ग्रेच्युटी, पेंशन, चिकित्सा सुविधा व मातृत्व अवकाश शामिल हैं। मिड डे मील कर्मियों को 12 माह का वेतन, समय पर भुगतान, 20 आकस्मिक अवकाश, योजना को कक्षा 12 तक बढ़ाने तथा निजीकरण पर रोक लगाने की मांग भी प्रमुख रही।साथ ही एफआरएस ऐप की अनिवार्यता समाप्त करने और चारों श्रम संहिताएं रद्द करने की भी मांग उठाई गई। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो देशभर में निर्णायक आंदोलन छेड़ा जाएगा।चुवाड़ी में सुदेश, लता, सुमन, दर्शना, बबिता, पदमा, पुष्पा, बॉबी, स्वर्णा तथा चंबा में नरेंद्र, भीम सेन, अशोक, सरोज, सीमा, अंजू, आशा, पानो सहित बड़ी संख्या में स्कीम वर्कर्स मौजूद रहीं।