भारत सरकार के “अपनी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान के तहत हरिपुर में जागरूकता शिविर आयोजित

चंबा 12 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारत सरकार के “अपनी पूंजी, आपका अधिकार” अभियान के तहत आज चंबा जिले की ग्राम पंचायत हरिपुर में एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्देश्य बैंकों में पड़ी अज्ञात जमा राशियों के बारे में नागरिकों को जागरूक करना और उन्हें यह राशि प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाना था। इसका आयोजन अग्रणी बैंक चंबा द्वारा भारतीय रिज़र्व बैंक शिमला, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक एवं HDFC बैंक के सहयोग से किया गया।कार्यक्रम में भारतीय रिज़र्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम धकोर मुख्य अतिथि रहे।

उनके साथ भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक शंकर सिंह, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विजय कुमार, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के जिला प्रबंधक हेम राज तथा नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राकेश कुमार भी उपस्थित रहे। जिले में कार्यरत सभी बैंकों ने शिविर में भाग लिया।अग्रणी जिला प्रबंधक वीसी चौहान ने स्वागत संबोधन में बताया कि चंबा जिले में 40 हज़ार से अधिक अज्ञात जमा खातों की पहचान हुई है, जिनमें पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, यूको बैंक, हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक और राज्य सहकारी बैंक के खाते सर्वाधिक हैं। उन्होंने नागरिकों को UDGAM पोर्टल पर पंजीकरण कर अज्ञात जमा राशि की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही KYC दस्तावेजों के साथ बैंक शाखा में आवेदन कर राशि प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई।कार्यक्रम में 20 अज्ञात जमा राशियों के साथ प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के एक-एक दावों का वितरण श्री धकोर द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बैंक में पड़ी अज्ञात राशि नागरिकों की अपनी पूंजी है और हर व्यक्ति को इसका लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने आपदा प्रभावित व्यक्तियों के लिए लोन री-स्ट्रक्चरिंग और रियायतों का भी उल्लेख किया।अंत में श्री चौहान ने लोगों से किसी भी प्रकार की फीस, OTP या बैंक जानकारी किसी अजनबी को न देने की अपील की। कार्यक्रम में सहयोग के लिए सभी बैंकों का धन्यवाद किया गया।