कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने को पुलिस अधीक्षक चंबा की वेलफेयर-कम-क्राइम बैठक

चम्बा 29 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी की अध्यक्षता में 28 दिसंबर 2025 को वेलफेयर-कम-क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य जहां अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों की समीक्षा करना रहा, वहीं पुलिस कर्मियों के कल्याण से जुड़े विषयों पर भी विशेष फोकस किया गया।बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लंबित अभियोगों के शीघ्र निपटारे के लिए सभी थाना प्रभारियों को समयबद्ध कार्ययोजना के तहत कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके

वेलफेयर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों का मनोबल ऊंचा रखना और उनके कल्याण का ध्यान रखना विभाग की प्राथमिकता है, क्योंकि संतुष्ट और प्रेरित पुलिस बल ही बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रख सकता है।बैठक में यातायात व्यवस्था, नशा तस्करी, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा तथा आमजन से बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चंबा पुलिस को और अधिक सक्रिय, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने के लिए इस तरह की समीक्षा बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम जनता के साथ मित्रवत व्यवहार बनाए रखें, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।