कांडी पुल हादसा,विधायक डीएस ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा, NDRF को शामिल करने की मांग

डलहौजी/ चम्बा 31 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कांडी पुल से एक युवक के गिरने की दुखद घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर मौके पर पहुंचे और हालात का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग तथा राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों से जानकारी हासिल की और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।विधायक डीएस ठाकुर ने घटनास्थल पर मौजूद युवक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार और प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं तथा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवक की तलाश के लिए सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है और किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

घटना के बाद से ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। नदी के तेज बहाव और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बचाव दल पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ अभियान में जुटे हुए हैं। मौके पर गोताखोरों और अन्य विशेषज्ञ टीमों को भी तैनात किया गया है।विधायक डीएस ठाकुर ने इस दौरान एनएचपीसी के अधिकारियों से भी बातचीत की और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) को शामिल किया जाना आवश्यक है, ताकि आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञता के माध्यम से युवक की खोज में तेजी लाई जा सके।

उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि खोज अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए और परिजनों को समय-समय पर प्रगति की जानकारी दी जाए। क्षेत्रवासियों ने भी इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है और युवक के सकुशल मिलने की कामना की है।