राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला चंबा में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जिला चंबा में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

चम्बा 31 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला चंबा द्वारा आज दिनांक 31 दिसंबर 2025 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा के सभागार में राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से आए चिकित्सा अधिकारियों के साथ-साथ पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के सीनियर रेजिडेंट (SR), जूनियर रेजिडेंट (JR) एवं इंटर्न्स ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पूरी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए वायरल हेपेटाइटिस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक्यूट वायरल हेपेटाइटिस लीवर की सूजन की स्थिति है, जो हेपेटाइटिस के पांच प्रकार के वायरसों में से किसी एक के संक्रमण के कारण होती है।

उन्होंने कहा कि अधिकतर मामलों में यह सूजन अचानक शुरू होती है और कुछ ही सप्ताह तक रहती है, हालांकि कुछ मरीजों में इसके लक्षण हल्के या बिल्कुल नहीं भी हो सकते हैं।
डॉ. हरित पूरी ने बताया कि हेपेटाइटिस से संक्रमित व्यक्ति में भूख न लगना, मतली, उल्टी, बुखार, पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में दर्द तथा पीलिया जैसे लक्षण देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बीमारी की सही पहचान और इसके कारणों का पता लगाने के लिए रक्त परीक्षण अत्यंत आवश्यक है। समय रहते जांच और उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि हेपेटाइटिस ए, बी और ई से बचाव के लिए टीकाकरण एक प्रभावी उपाय है। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को समुदाय में जागरूकता फैलाने और टीकाकरण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।


इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सोहेल भी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!